पलवल में विवाहिता ने फंदा लगाकर दी जान
पलवल, 14 मई (हि.स.)। शहर की कैलाश नगर कॉलोनी में घरेलू प्रताड़ना से परेशान होकर एक 20 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में कैंप थाना पुलिस ने मृतका के पति समेत तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान चंचल के रूप में हुई है। बताया गया है कि चंचल ने करीब एक वर्ष पहले सन्नी नामक युवक से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों कैलाश नगर स्थित किराए के मकान में रह रहे थे।
कैंप थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि मृतका के पिता आजाद सिंह निवासी अलावलपुर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 12 मई को सन्नी ने चंचल के साथ मारपीट की थी। पति की प्रताड़ना और मानसिक तनाव से परेशान होकर चंचल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के समय सन्नी के साथ दो अन्य युवक भी मौजूद थे। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित किया गया। इसके बाद सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। कैंप थाना पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर सन्नी और उसके दो साथियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

