नूंह: विशेष गहन पुनरीक्षण के 1038 लंबित मामलों का किया निस्तारण

WhatsApp Channel Join Now
नूंह: विशेष गहन पुनरीक्षण के 1038 लंबित मामलों का किया निस्तारण


नूंह, 08 अक्टूबर (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जारी नोटिस एवं सुनवाई से संबंधित मामलों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में जिले के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में आयोजित विशेष शिविरों में कुल 1038 लंबित मामलों की सुनवाई कर उनका निस्तारण किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जिले में कुल 1,80,088 नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से 7,961 मामलों में सुनवाई अभी लंबित है। कुल जारी नोटिस के मुकाबले लंबित मामलों का प्रतिशत 4.42 है। उन्होंने बताया कि लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं तथा इन मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है।

उपायुक्त ने बताया कि नोटिस से संबंधित सुनवाई की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए 9 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान ऐसे मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां नोटिस प्राप्त होने के बावजूद संबंधित मतदाताओं ने अभी तक आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करवाए हैं। इसके साथ ही प्रशासन की ओर से घर-घर सर्वे भी किया जा रहा है।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत नोटिस प्राप्त करने वाले सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर सुनवाई में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों तथा आवश्यक दस्तावेज संबंधित बूथ लेवल अधिकारी के पास जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के दावे एवं आपत्तियों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत निस्तारण किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story