जींद : सिरसा ब्रांच नहर में नहाते समय किशोर डूबा
जींद, 02 अगस्त (हि.स.)। नरवाना के ढाकल हेड के निकट सिरसा ब्रांच नहर में नहाते समय एक किशोर डूब गया। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग तथा सदर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंची ओर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने कुछ युवकों के साथ नहर में सर्च अभियान भी चलाया, लेकिन नहर में डूबे किशोर का कोई सुराग नहींं लगा। फिलहाल पुलिस तथा परिजन लगातार सर्च अभियान चलाए हुए हैं।
चमेला कालोनी नरवाना निवासी 16 वर्षीय वरूण रविवार को अपने दोस्तों के साथ गांव ढाकल हेड के निकट सिरसा ब्रांच नहर में नहाने गया हुआ था। नहाते समय वह नहर के तेज बहाव मे बह गया और पानी के अंदर डूब गया। घटना के दौरान उसके साथियों ने शोर भी मचाया। कुछ युवकों ने बचाने की कोशिश भी की लेकिन तब तक वह नहर में डूब चुका था। घटना की सूचना पाकर सदर थाना नरवाना पुलिस तथा परिजन मौके पर पहुंच गए और युवकों के सहयोग से नहर में सर्च अभियान चलाया। सर्च अभियान के लिए गोताखोरों को भी बुलाया गया। काफी दूर तक चले सर्च अभियान में नहर में डूबे किशोर का कोई सुराग नही लगा। फिलहाल परिजन तथा पुलिस नहर पर नजर बनाए हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

