जींद : परिवहन विभाग ने जांची स्कूल बसें

WhatsApp Channel Join Now
जींद : परिवहन विभाग ने जांची स्कूल बसें


जींद, 19 मार्च (हि.स.)। जिला परिवहन विभाग की ओर से स्कूली बसों की जांच के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान दो स्कूलों में 27 बसों की जांच की गई। जांच के दौरान सभी बसों में निर्धारित मानक पूरे पाए गए। जिसके चलते कोई चालान नहीं हुआ।

सप्ताह में हर गुरुवार को जिला परिवहन विभाग की टीम अभियान चलाती है। जांच के लिए चार सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। जिसमें जिला परिवहन विभाग कार्यालय से इंस्पेक्टर, एमवीआई, ट्रैफिक पुलिस से सब इंस्पेक्टर व जिला शिक्षा अधिकारी से एक प्रतिनिधि को शामिल किया जाता है।

जिले में 350 से ज्यादा प्राइवेट स्कूल हैं। इसमें एक लाख से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। विद्यार्थियों को स्कूल व घर पर ले जाने के लिए बसों की व्यवस्था होती है। हालांकि यह तीन माह में दूसरी बार ऐसा हुआ है कि जांच के दौरान स्कूली बसों में मानक पूरे मिले और कोई चलान नहीं किया गया। इससे पहले 18 दिसंबर 2025 को जब स्कूली बसों की जांच का अभियान शुरू किया गया था, तो पहले दिन दो स्कूलों में 58 बसों की जांच की गई थी। उस दौरान भी कोई चालान नहीं किया गया था।

पिछले सप्ताह 12 मार्च को दो स्कूलों में 25 बसों की जांच की गई थी। 10 बसों में सीसीटीवी कैमरा, फस्र्ट एड बाक्स व फायर सिलिंडर नहीं मिलने पर 14 हजार 500 रुपये का चालान किय गया था। जिला परिवहन विभाग के निरीक्षक बलजीत सिंह ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका मुख्य उद्देश्य स्कूली बसों की जांच कर विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित परिवहन सुविधा मुहैया करवाना है। जांच के दौरान जो-जो कमियां पाई जाती हैं, उस आधार पर बसों का चालान किया जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story