हिसार: पात्र मतदाताओं के वोट काटने की आशंका लोकतंत्र के लिए गंभीर विषय: शकुंतला खटक
जनता के मुद्दों से ध्यान भटका रही भाजपा सरकार : बृजलाल बहबलपुरिया
ढाणी खान बहादुर में वोट बचाओ-देश बचाओ चौपाल
हिसार, 18 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस के वोट बचाओ-देश बचाओ एवं वोट रक्षक अभियान
के तहत बरवाला क्षेत्र के गांव ढाणी खान बहादुर में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से चौपाल
का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलानौर से विधायक एवं अभियान प्रभारी शकुंतला खटक ने
विशेष रूप से शिरकत की, जबकि अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने
की। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व लोकसभा प्रत्याशी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मास्टर देशराज
प्रजापति ने किया। चौपाल में मतदाता अधिकारों, एसआईआर और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता
के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
शकुंतला खटक ने बुधवार काे कहा कि वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान देश के लोकतंत्र, संविधान
और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा का जनअभियान है। एसआईआर के नाम पर मतदाता
सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम काटे जाने की
आशंका गंभीर चिंता का विषय है। चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि मतदाता सूचियां पारदर्शी,
निष्पक्ष और त्रुटिरहित हों। किसी भी पात्र नागरिक को उसके संवैधानिक मतदान अधिकार
से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वोट का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी
ताकत है और इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने ईवीएम की विश्वसनीयता,
मतदाता सूचियों में संभावित गड़बड़ियों और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर उठ
रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से समाधान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस
इस अभियान के माध्यम से गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को उनके मताधिकार के प्रति
जागरूक करेगी। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पार्टी अपना संघर्ष जारी रखेगी।
बृजलाल बहबलपुरिया ने कहा कि भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर
करने और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप लग रहे हैं। एसआईआर के नाम पर पात्र
मतदाताओं के नाम हटाए जाने की आशंकाएं और मतदाता सूचियों में गड़बड़ियों से जुड़े सवाल
गंभीर चिंता का विषय हैं। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना चाहिए
और चुनाव आयोग को निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाकर जनता का
विश्वास बनाए रखना चाहिए। कार्यक्रम में पूर्व बरवाला प्रत्याशी भूपेंद्र गंगवा, विनोद लॉयल, रिटायर्ड
एम्पलाइज प्रदेश सचिव रमेश चाहर, टेक चंद बागड़ी, किसान नेता बलराज मलिक, पूर्व सरपंच
बारू राम, पूर्व सरपंच ममता रानी, मेंबर चंद चंद्र, डॉ. तेलू राम, प्रताप घोडेला, कर्मवीर
जालंधरा, देशराज, पंच शीशपाल, धर्मपाल, जोगीराम, कीडू राम, सतपाल, नंदलाल, जिले सिंह,
जग्गा राम, जगदीश, रामपाल, शेर सिंह और विनोद कुमार गुरी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता
एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

