जींद : नागरिक अस्पताल के ओटी को बनाया सेफ हाउस

WhatsApp Channel Join Now
जींद : नागरिक अस्पताल के ओटी को बनाया सेफ हाउस


जींद, 14 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई के जींद में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी तैयारियों में जुटा है। इन्ही तैयारियों के तहत नागरिक अस्पताल की नई बिल्डिंग में आपरेशन थिएटर को सेफ हाउस बना दिया गया है। इसके अलावा एकलव्य स्टेडियम के पास हुडा ग्राउंड में रैली स्थल पर भी सेफ हाउस बनाए जाएंगे। साथ रेलवे जंक्शन पर भी सेफ हाउस बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री के काफिले के साथ चिकित्सकों एक स्पेशल टीम भी रहेगी।

नागरिक अस्पताल को इसके लिए 15 एएलएस एंबुलेंस भी मांगी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग को कुल 30 एंबुलेंस की जरूरत है। बाकायदा सभी वीवीआईपी के ब्लड ग्रुप के रक्त की पूरी व्यवस्था के साथ-साथ मेडिकल टीम अलग-अलग तैयार कर रही है। गौरतलब है कि जब भी कोई वीवीआइपी आता है तो स्वास्थ्य विभाग को उसके लिए स्वास्थ्य विभाग को स्पेशल तैयारियां करनी पड़ती हैं। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में 17 जुलाई को अनेक वीवीआइपी आने की संभावना है। इसमें खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव व सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आना प्रस्तावित है। इसके अलावा प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर कई अन्य केंद्रीय मंत्री भी आएंगे। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक वीवीआइपी के लिए अलग से व्यवस्था करने में जुटा है। सभी वीवीआइपी के लिए स्वास्थ्य विभाग को सेफ हाउस बनाना होता है।

इसमें हर प्रकार की मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध रहती हैं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने नागरिक अस्पताल के आपरेशन थिएटर को ही सेफ हाउस बना दिया है। इसके अलावा रैली स्थल पर भी सेफ हाउस के लिए जगह चिन्हित कर ली है। रेलवे स्टेशन पर भी सेफ हाउस बनाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने वीवीआइपी के लिए चार मेडिकल टीमों का गठन किया है। प्रत्येक टीम को एक वीवीआइपी के लिए तैयार किया गया है। यह मेडिकल टीम वीवीआइपी के साथ ही रहेगी। इसके लिए एडवांस लाइफ स्पोर्ट एंबुलेंसों की जरूरत होगी।

नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी डा. रघुवीर पूनिया ने बताया कि रैली स्थल पर भी सेफ हाउस के लिए जगह चिन्हित कर ली है। सभी वीवीआइपी के ब्लड ग्रुप से संबंधित रक्त का संग्रहण कर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story