सोनीपत: बुजुर्गों की पेंशन काटने के विरोध में आईना लेकर किया प्रदर्शन
सोनीपत, 31 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत
में बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन काटे जाने के विरोध में जिला पार्षद संजय बड़वासनिया
ने सोमवार को जिला उपायुक्त कार्यालय के बाहर आइना लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आईना
लेकर उसके सामने मुख्यमंत्री का चेहरा रखकर सरकार को बुजुर्गों की परेशानी का आईना
दिखाने का संदेश दिया। बाद में मुख्यमंत्री के नाम सीटीएम सोनीपत को ज्ञापन सौंपा।
संजय
बड़वासनिया ने कहा कि बुजुर्गों को पेंशन ठीक करवाने के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों
के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। पूरा दिन कार्यालयों में बीतने के बावजूद उनकी सुनवाई
नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि बुढ़ापा पेंशन बुजुर्गों के सम्मान के लिए शुरू की गई
थी, लेकिन अब पेंशन काटे जाने से उनका अपमान हो रहा है। उन्होंने
कहा कि जिन परिवारों की आय तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है, उनकी पेंशन काटी
जा रही है। इसी तरह बिजली का बिल अधिक आने पर भी बीपीएल और पेंशन संबंधी लाभ प्रभावित
हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिव्यांग, विधवा और बुजुर्गों की पेंशन लगातार
काटी जा रही है और लोग इसे ठीक करवाने के लिए परेशान हैं। वर्षों से पेंशन ले रहे बुजुर्गों
की बार-बार जांच और आयु प्रमाण पत्र मांगना उचित नहीं है। यदि जांच जरूरी है तो अधिकारियों
को बुजुर्गों के घर जाकर जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस उम्र में बुजुर्ग आयु
प्रमाण पत्र के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने में असमर्थ हैं। आधार कार्ड और पहचान
पत्र के आधार पर भी जांच की जा सकती है।
उन्होंने
पूर्व सांसदों और विधायकों को मिलने वाली पेंशन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बुजुर्गों
के लिए अलग-अलग शर्तें लगाना उचित नहीं है। उन्होंने सरकार से पेंशन काटने की प्रक्रिया
की समीक्षा कर बुजुर्गों को राहत देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान निगम पार्षद राजेश
मलिक, सिल्क राम, प्रदीप, संदीप, कुलदीप, राजवीर, सुमित्रा, ब्रह्मवती, ब्रह्मदेवी,
प्रमिला और कविता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

