हिसार : राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त मंच : अतुल ढींगड़ा
हकृवि के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय द्वारा सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारंभ
हिसार, 22 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय
के इंदिरा चक्रवर्ती सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की
ओर से सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के प्रथम दिन उद्घाटन
सत्र पर आयोजित कार्यक्रम में उपरोक्त महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अतुल ढींगड़ा मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर पौधारोपण करके पर्यावरण
संरक्षण के प्रति स्वयं सेविकाओं को प्रेरित किया।
डॉ. अतुल ढींगड़ा ने अपने सम्बोधन में कहा कि
स्वयं सेविकाओं को समाज सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भुमिका निभाने
के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं के व्यक्तित्व
विकास का सशक्त मंच है, जो उन्हें संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाता है। एनएसएस
युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जागरुकता और सेवा भाव विकसित करने का महत्वपूर्ण
माध्यम है। उन्होंने स्वयं सेविकाओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे पूरे समर्पण और उत्साह
के साथ शिविर की गतिविधियों में भाग लें तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए
आगे आएं। एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने पौधारोपण करने के पश्चात स्वच्छता रैली भी निकाली।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनु व सह कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मोना वर्मा ने शिविर की रूपरेखा
के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

