जींद :मांगे पूरी नहीं होने पर सड़कों पर उतरे निर्माण मजदूर, डिप्टी स्पीकर के आवास तक प्रदर्शन
जींद, 21 जुलाई (हि.स.)। संयुक्त निर्माण मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को जिले के निर्माण मजदूरों ने शहर में प्रदर्शन किया और हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड़्ढा के आवास तक प्रदर्शन किया। इस दौरान मजूदरों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और निर्माण मजदूरों के लंबित अधिकारों को तत्काल बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शन से पहले निर्माण मजदूरों को संबोधित करते हुए सीटू जिलाध्यक्ष जोगेंद्र ईगराह, इंटक नेता सतीश बड़ौदा, संदीप जाजवान ने कहा कि प्रदेश के निर्माण मजदूरों में भाजपा सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है। पिछले लगभग एक वर्ष से सरकार निर्माण मजदूरों के अधिकारों पर कुंडली मार कर बैठी है। निर्माण मजदूर कल्याण बोर्ड की योजनाओं का लाभ मजदूरों तक नहीं पहुंच रहा है। पोर्टल संबंधी समस्याओं के कारण लाखों मजदूर पंजीकरण, नवीनीकरण और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से वंचित हैं। सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के कारण मजदूरों को अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के बाद संयुक्त निर्माण मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा के पुत्र को निर्माण मजदूरों की लंबित मांगों का ज्ञापन सौंपा तथा मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान संयुक्त निर्माण मजदूर मोर्चा ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र व नौजवानों पर किए गए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की। नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताते हुए छात्र व नौजवानों की मांगों का समर्थन किया तथा विरोध स्वरूप केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। सभा के अंत में सीटू नेताओं राधेश्यामए कश्मीर सेलवालए पवन कुमार तथा राजेश कुमार ने भी मजदूरों को संबोधित किया और सभी निर्माण मजदूरों से 10 अगस्त को आयोजित जेल भरो आंदोलन में बढ़चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

