ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर पलवल में 7 लाख की ठगी

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 17 अप्रैल (हि.स.)। शहर में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां जालसाजों ने एक व्यक्ति को मोटे मुनाफे का लालच देकर सात लाख रुपये से अधिक की राशि हड़प ली। साइबर अपराध थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी नवीन कुमार ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि पलवल निवासी कपिल अरोड़ा ने शिकायत में बताया कि अज्ञात लोगों ने उन्हें एक मोबाइल एप के माध्यम से संपर्क किया और ट्रेडिंग में अधिक लाभ का भरोसा दिलाया। शुरुआती भरोसा जीतने के बाद आरोपियों ने उन्हें विभिन्न माध्यमों से निवेश करने के लिए प्रेरित किया।

पीड़ित के अनुसार, जालसाजों ने धीरे-धीरे अलग-अलग यूपीआई लेनदेन के जरिए उनके खाते से कुल सात लाख 15 हजार 257 रुपये निकलवा लिए। कुछ समय बाद जब उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी का एहसास हुआ और रकम वापस नहीं मिली, तो उन्होंने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

पोर्टल से प्राप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना पलवल ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी पीएसआई विकास ने बताया कि आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन निवेश करते समय सतर्क रहने और किसी भी अनजान एप या लिंक पर भरोसा न करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story