जींद : गड्ढों में गिरी रोडवेज बस, सभी यात्री सुरक्षित

WhatsApp Channel Join Now
जींद : गड्ढों में गिरी रोडवेज बस, सभी यात्री सुरक्षित


जींद, 17 अक्टूबर (हि.स.)। गांव मनोहरपुर के पास शनिवार को स्कूटी सवार को बचाने के चक्कर में हरियाणा रोडवेज जींद डिपो की बस अनियंत्रित होकर गड्ढों में गिर गई। रोडवेज बस यहां खड़े पेड़ से टकराती तो बड़ा हादसा हो सकता था। बस में सवार सभी 32 यात्री सुरक्षित नीचे उतर गए और उनको दूसरी बस से उनके गंतव्यों की तरफ रवाना कर दिया गया।

हरियाणा रोडवेज जींद डिपो की बस शनिवार को सफीदों से सिरसा के लिए निकली थी। जब यह बस मनोहरपुर के आसपास पहुंची तो अचानक सामने से एक स्कूटी आ गई। इस स्कूटी पर एक बच्चा भी था। बस चालक गगन ने अचानक स्कूटी को सामने देखा तो उसने ब्रेक लगा दिए। ब्रेक लगने के बाद बस अनियंत्रित हो गई और वह सड़क के साथ बने गड्ढों की तरफ फिसल गई। हालांकि चालक ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए बस को पेड़ व बिजली खंभे से टकराने से बचा लिया। इसके बाद सभी यात्री बस से सकुशल नीचे उतार आए और दूसरी रोडवेज बस बुला कर यात्रियों को अपने गंतव्य की तरफ रवाना किया गया। बस चालक गगन ने बताया कि स्कूटी अचानक बस के सामने दूसरी सड़क से आ गई। इसलिए एकदम ब्रेक लगाने पड़े। यदि ब्रेक नहीं लगाता तो बस स्कूटी को सीधी टक्कर मार देती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762506 Articles

Share this story