जींद : पौली की बेटी प्रियंका मलिक बनी बिहार में अधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
जींद : पौली की बेटी प्रियंका मलिक बनी बिहार में अधिकारी


जींद, 24 जून (हि.स.)। जुलाना क्षेत्र के पौली गांव की बेटी प्रियंका मलिक ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में सफलता हासिल कर जनजातीय एवं अनुसूचित जाति समाज कल्याण अधिकारी के पद पर चयनित होकर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। बुधवार को गांव पहुंचने पर ग्रामीणों, परिजनों और सामाजिक संगठनों ने प्रियंका का फूल मालाओं से स्वागत कर सम्मानित किया।

प्रियंका के भाई नीरज मलिक ने बुधवार को बताया कि उनकी बहन ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बताया कि उनके पिता कर्मबीर मलिक का चयन दिल्ली पुलिस में एसआई पद पर हुआ था लेकिन कुछ कारणों से वह नौकरी नहीं कर सके। इसके बावजूद उन्होंने संघर्ष करते हुए अपने सभी बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाई और उन्हें आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। प्रियंका ने बताया कि उनके परिवार में आठ भाई व बहन हैं और सभी उच्च शिक्षा प्राप्त हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद सोनीपत के हिंदू गल्र्स कॉलेज से एमकॉम की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा जारी रखते हुए नेट परीक्षा जीआरएफ के साथ उत्तीर्ण की।

पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य निर्धारित कर लिया था और लगातार मेहनत करती रहीं। इस अवसर पर भावुक हुई प्रियंका ने कहा कि उनके पिता का सपना था कि उनके बच्चे पढ़ लिख कर अधिकारी बनें और समाज में अपनी पहचान बनाएं। उन्होंने कहा कि आज उनके पिता इस दुनिया में नही हैं लेकिन उनकी दी हुई सीख, संघर्ष और प्रेरणा ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। प्रियंका ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार और शिक्षकों को दिया। ग्रामीणों ने प्रियंका की सफलता को गांव की बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से क्षेत्र की अन्य युवतियों को भी आगे बढऩे की प्रेरणा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story