जींद: पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के दो आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जींद: पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के दो आरोपित गिरफ्तार


जींद, 22 सितंबर (हि.स.)। थाना शहर सफीदों पुलिस ने पूर्व में शराब कारोबारी रहे व्यक्ति से फिरौती मांगने व राशि न देने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोपितों को मंगलवार काे गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान हाट निवासी चक्रवर्ती तथा गांव मलार निवासी शीलू के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।

पूर्व में शराब कारोबारी रहे संजय शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका हैचरियों को फीड की सप्लाई का कारोबार है। 27 जून को उसके पास अनजान विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वालों ने उस से पांच करोड़ की फिरौती मांगी और राशि न देने पर उसे बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। जिसके बारे में उसने पुलिस को अवगत करा दिया। पुलिस ने उसे सुरक्षा आफर की थी लेकिन उसने गंभीरता से नहीं लिया। गत 17 जुलाई को उसके पास फिर से विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले दोनों आरोपितों ने पांच करोड़ रुपये फिरौती की फिर से डिमांड की और राशि न देने पर उसे बुरा अंजाम भुगतने की धमकी भी दी।

इसी प्रकार उसके पुराने साथी को भी धमकी देकर एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है। शहर थाना सफीदों पुलिस ने कारोबारी संजय की शिकायत पर गिल्ली राणा तथा रोहित गोदारा के खिलाफ फिरौती मांगने, धमकी देने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया था। थाना शहर सफीदों के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने मंगलवार को बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल, व्हाट्सअप संपर्क तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का गहन विश्लेषण करते हुए गांव हाट निवासी चक्रवर्ती व मलार निवासी शीलू के नाम उभर कर सामने आए। जिस पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story