पलवल में प्लॉट दिलाने के नाम पर 14 लाख की ठगी, दो पर मामला दर्ज, जांच में फर्जीवाड़ा उजागर
पलवल, 02 अप्रैल (हि.स.)। पलवल जिले में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति से प्लॉट दिलाने का झांसा देकर 14 लाख रुपये हड़प लिए गए। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और जालसाजी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद ने गुरूवार को बताया कि अल्लिका गांव निवासी चंद्रपाल कुंडू ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि किशोर कुमार और खुशाल गांधी नामक व्यक्तियों ने उन्हें 228 वर्ग गज का प्लॉट बेचने का प्रस्ताव दिया था। आरोपियों ने स्वयं को प्लॉट का मालिक बताते हुए विधिवत रजिस्ट्री कराने और कब्जा दिलाने का आश्वासन दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, प्लॉट का सौदा 36 लाख रुपये में तय हुआ था, जिसके तहत उन्होंने 14 लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में दे दिए। इसमें 12 लाख रुपये दो चेकों के माध्यम से और 2 लाख रुपये नकद दिए गए। भरोसा दिलाने के लिए आरोपियों ने बिक्री अनुबंध भी तैयार कराया।
पीड़ित ने बताया कि तय समय पर आरोपी रजिस्ट्री कराने नहीं पहुंचे और बार-बार अलग-अलग बहाने बनाकर तारीख टालते रहे। इस पर जब उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने अपने स्तर पर जांच कराई, तो सामने आया कि आरोपी किशोर कुमार उस प्लॉट का वास्तविक मालिक ही नहीं है। आरोप है कि पूरा सौदा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर किया गया था।
काफी प्रयासों के बावजूद न तो पैसे वापस किए गए और न ही रजिस्ट्री कराई गई। बाद में आरोपियों ने संपर्क भी बंद कर दिया। परेशान होकर चंद्रपाल ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, जिसके बाद आदेश पर शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

