पलवल में कार सवार की पीट-पीटकर हत्या, खेत में लहूलुहान मिला शव, केस दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 18 मार्च (हि.स.)। जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के काशीपुर गांव के पास एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक का शव गेहूं के खेत में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला, जबकि उसकी कार सड़क किनारे खड़ी मिली। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान सुर्जन का नंगला (हाफजाबाद) निवासी 45 वर्षीय सहरु के रूप में हुई है। मृतक के भाई मोरमल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सहरु 16 मार्च की दोपहर करीब दो बजे अपनी कार से किसी निजी काम से हसनपुर गया था। शाम को सहरु ने अपने बेटे सुहान को फोन कर बताया कि कुछ लोगों ने उसे काशीपुर के पास घेर लिया है। फोन पर उसकी आवाज घबराई हुई थी। सूचना मिलते ही सुहान और उसका भतीजा शोएब मौके पर पहुंचे। वहां सड़क किनारे सहरु की कार खड़ी मिली, जबकि पास के गेहूं के खेत में सहरु लहूलुहान हालत में बेहोश पड़ा था।

परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पलवल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

हसनपुर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बुधवार को बताया कि मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीन ऑफ क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मृतक की कॉल डिटेल्स भी जांच के दायरे में हैं। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story