जींद : उचाना नगर पालिका सचिव 32 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
जींद, 16 जून (हि.स.)। उचाना नगर पालिका कार्यालय में मंगलवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी हिसार) की टीम द्वारा नगर पालिका सचिव अशोक डांगी को 32 हजार रुपये रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार किया है। नगर पालिका सचिव द्वारा वार्ड नंबर तीन के सुरेंद्र जो ठेकेदारी का कार्य करता है, उससे सिक्योरिटी बिल पास करने की एवज में रिश्वत मांगी थी। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
शिकायतकर्ता सुरेंद्र ने बताया कि 16 लाख रुपये की सिक्योरिटी राशि के बिलों को सचिव द्वारा पास नहीं किया जा रहा था। कुछ बिल के तो कागजात अक्टूबर माह में पूरे हो चुके थे। सिक्योरिटी राशि बिल पास की एवज में दो प्रतिशत की रिश्वत की मांग कर रहा था। हिसार एसीबी को इसको लेकर शिकायत की थी। 64 नोट 500-500 के रिश्वत के सचिव अशोक डांगी को दिए। रिश्वत की राशि देने के बाद टीम को इशारा करने के बाद टीम ने नगर पालिका सचिव को कार्यालय से रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार किया। एसीबी की टीम की रेड के चलते कार्यालय में हडंकप मच गया। एसीबी हिसार इंचार्ज महेंद्र सिंह ने बताया कि नगर पालिका उचाना में रेड के लिए आए थे। उचाना मंडी के सुरेंद्र ने शिकायत की थी नगर पालिका में उसके 16 लाख के बिल है जिसको नगर पालिका सचिव पास करने की एवज में दो प्रतिशत रिश्वत की मांग कर रहा है। वो नगर पालिका में ठेकेदारी का कार्य करता है। सचिव द्वारा रिश्वत की मांग के चलते 16 लाख रुपये के बिल रोके हुए है। 32 हजार की रिश्वत के साथ सचिव को गिरफ्तार किया। एसीबी को आज ही शिकायत मिली थी। लोगों से अपील है कि कोई भी अधिकारीए कर्मचारी सरकारी काम के लिए रुपए की मांग करता है तो तुरंत सूचना एसीबी को दे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

