जींद : महिला पटवारी व पति रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार
जींद, 17 जून (हि.स.)। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बुधवार को उचाना में एक महिला पटवारी और उसके पति को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते काबू किया है। एंटी करप्शन ब्यूरो ने महिला पटवारी और उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। बिजली बोर्ड से रिटायर्ड एसडीओ रामकुमार ने एंटी करप्शन ब्यूरों को दी शिकायत में बताया कि उसने 15 एकड़ जमीन को तक्सीम और इंतकाल करवाना था। इसके लिए वो महिला पटवारी नीलम से मिला।
पटवारी नीलम ने इसके लिए 15 हजार रुपये रिश्वत मांगी। जिस पर आठ हजार रुपये में मामला तय हो गया। एसीबी ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए निरीक्षक प्रमिला के नेतृत्व में टीम का गठन किया। टीम ने उचाना तहसील के सामने एक निजी दुकान पर छापेमारी की और यहां से सतीश को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते काबू किया गया।
सतीश महिला पटवारी नीलम का पति है। जैसे ही रामकुमार ने महिला पटवारी के पति सतीश को रुपये दिए तो एसीबी ने तुरंत छापेमारी कर सतीश को गिरफ्तार कर लिया। उस समय महिला पटवारी मौके पर मौजूद नही थी। महिला पटवारी नीलम को मौके पर बुलाया गया। एसीबी की टीम महिला पटवारी नीलम और उसके पति सतीश से पूछताछ कर रही है। जांच में यह सामने आया कि सतीश कुमार अपनी पत्नी नीलम, जो उचाना में हल्का पटवारी के पद पर कार्यरत है, के साथ मिलीभगत कर रिश्वत की मांग कर रहा था। इसके बाद ब्यूरो की टीम ने सह-आरोपी नीलम को उसके गांव काकड़ोद स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। मामले की गहन जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

