सिरसा: पंजाब में बनेगी भाजपा की सरकार: नायब सैनी

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: पंजाब में बनेगी भाजपा की सरकार: नायब सैनी


सिरसा, 12 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी। प्रदेश की जनता की आशाओं पर आम आदमी पार्टी सरकार खरा नहीं उतरी है।

पहले कांग्रेस और उसके बाद आम आदमी पार्टी ने लोगों को ठगा है और अब पंजाब की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए भाजपा की सरकार बनाएगी। मुख्यमंत्री शनिवार को सिरसा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने लोगों से झूठे वादे किए, पंजाब में भी कांग्रेस के शासन के बाद लोगों ने बदलाव का निर्णय लिया। अब आम आदमी पार्टी के शासन को लेकर भी लोगों में असंतोष है तथा नशे जैसे गंभीर मुद्दे पर आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास किया जाता है।

एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में द्वेष चल रहा है। एक दूसरे की टांग खिंचाई हो रही है। शिरोमणि अकाली दल (बादल)से समझौते के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अकेले ही चुनाव लडऩे में समक्ष है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की सभी मुख्य मांगें मान ली गई हैं और आज से सभी सफाई कर्मी ड्यूटी पर लौट आए हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ब्रिक्स की मेजबानी भारत द्वारा किया जाना देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है और पूरे विश्व में भारत के नेतृत्व की सराहना हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story