कुरुक्षेत्र: 18 मंजिला गीता ज्ञान मंदिर में दिखा राष्ट्र प्रेम व श्रद्धा का अनूठा संगम
कुरुक्षेत्र, 13 अगस्त (हि.स.) । शनिवार को 18 मंजिला गीता ज्ञान मंदिर में राष्ट्र प्रेम व श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। एक ओर जहां देश में आम नागरिक तिरंगे के प्रति प्रेम रखता है और शुरू हुई घर घर तिरंगा मुहिम में बढ़ चढ़ कर भाग ले रहा है। वहीं धार्मिक स्थल भी आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर हर घर तिरंगा मुहिम में किसी से कम नहीं है। एशिया के सबसे ऊंचे कुरुक्षेत्र में निर्माणाधीन गीता ज्ञान मंदिर की प्रबंधन कमेटी भी आजादी के अमृत उत्सव का जश्न धूमधाम से मना रही है। इसी उपलक्ष में गीता ज्ञान मंदिर में तिरंगा फहराया गया।
इस कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र के उपायुक्त मुकुल कुमार बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। यहां पहुंचने पर स्वामी चिरंजीपुरी महाराज व प्रधान राजेश गोयल ने उपायुक्त को पटका पहनाकर स्वागत किया। शनिवार सुबह मंदिर परिसर में भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें दिल्ली, कुरुक्षेत्र व आस पास के वे लोग शामिल हुए जोकि मंदिर कमेटी से जुड़े हुए हैं। इसके बाद मंदिर की तीसरी मंजिल पर उपायुक्त मुकुल कुमार द्वारा तिंरगा फहराया गया।
उपायुक्त मुकुल कुमार ने कहा कि क्षेत्र के लिए बड़ी बात है कि यहां पर 18 मंजिला मंदिर का निर्माण किया जा रहा है और हर घर तिरंगा मुहिम के तहत आज तिरंगा यहां फहराया गया है। गीता ज्ञान मंदिर एशिया का सबसे बड़ा मंदिर बनाया जा रहा है। पर्यटन की दृष्टि से कुरुक्षेत्र के लिए यह मंदिर मील का पत्थर साबित होगा। उन्होने कहा कि पूरे देश में तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। कुरुक्षेत्र में सवा दो लाख घरों पर तिरंगा लगाने का लक्ष्य रखा था। खुशी की बात है कि कुरुक्षेत्र जिला में सवा दो लाख से ज्यादा घरों पर तिरंगा लगाय जा चुका है।
गीता जयंती महोत्सव से पहले तैयार होगी 16वीं मंजिल
गीता ज्ञान मंदिर ट्रस्ट के प्रधान राजेश गोयल ने कहा कि 18 मंजिला गीता ज्ञान मंदिर को दार्शनिक बनाया जा रहा है। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत यहां तिरंगा उत्सव मनाया गया है। इस मंदिर का निर्माण कार्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव से पहले मंदिर की 16वीं मंजिल को तैयार कर लिया जाएगा। इस मंजिल से कुरुक्षेत्र के सभी तीर्थों व मंदिरों के दर्शन आसानी से हो सकेंगें। उन्होने कहा कि 16 मंजिल पर दूरबीन सहित अन्य मशीनों को भी रखा जाएगा ताकि पर्यटक पूरे कुरुक्षेत्र का नजारा इस मंजिल से देख सकें।
हिंदुस्थान समाचार/जरनैल/संजीव

