कुरुक्षेत्र: महाराजा हर्षवर्धन के काल से जुड़ा है रत्नावली का नामकरण

WhatsApp Channel Join Now
कुरुक्षेत्र: महाराजा हर्षवर्धन के काल से जुड़ा है रत्नावली का नामकरण


कुरुक्षेत्र, 14 अक्टूबर(हि.स.) । कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग द्वारा रत्नावली राज्य स्तरीय सांस्कृतिक समारोह का आयोजन 28 से 31 अक्टूबर 2022 तक किया जा रहा है, जिसमें प्रदेशभर के कलाकार अलग-अलग मंचों से अपनी प्रतिभा का परिचय देंगे। रत्नावली का लॉगो भी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा एवं कुलसचिव डॉ. संजीव शर्मा द्वारा जारी किया जा चुका है।

रत्नावली का लॉगो वास्तव में हरियाणा की सांस्कृतिक पहचान का परिचायक है। रत्नावली नामकरण भी सातवीं सदी के थानेसर के इतिहास का साक्षी है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित रत्नावली समारोह में बृज क्षेत्र की नृत्यांगना को प्रतीक चिह्न के रूप में स्थापित किया गया है। वास्तव में हरियाणा तथा बंचारी में होली के अवसर पर नृत्य की परम्परा रही है। युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक डॉ. महासिंह पूनिया ने बताया कि रत्नावली नामकरण का इतिहास महाराजा हर्ष वर्धन से जुड़ा हुआ है। राजा हर्षवर्धन द्वारा लिखित नाटक ‘रत्नावली’ के दो पात्र चरचरी एवं हलिष्का नृत्यांगना के रूप में विख्यात रही हैं।

यही परम्परा हरियाणवी लोकजीवन में सदियों पुरानी चली आ रही है। हर्षवर्धन के समय में कुरुक्षेत्र की राजधानी थानेसर में एक महीने तक मदनोत्सव मनाया जाता था। लोकजीवन में इसे हम फागण उत्सव भी कह सकते हैं। इस प्रकार लोकजीवन में फागण के महीने में नृत्य की परम्परा हरियाणवी लोकजीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है। उन्होंने कहा कि फागण में हरियाणा के सभी क्षेत्रों खादर, बांगर, बागड़, अहीरवाल, बृज, मेवात सभी क्षेत्रों यह परम्परा देखने को मिलती रही है।

उन्होंने बताया कि कुवि सांस्कृतिक विभाग के पूर्व निदेशक अनूप लाठर ने बंचारी नृत्य की जब सन् 1988 में डॉक्यूमेंटेशन की तो उन्होंने पाया कि बंचारी में नृत्य करते हुए महिलाएं इसी स्वरूप में नाचती हैं। उन्होंने होली के अवसर पर नाचती हुई महिला का चित्र खींचा। यही चित्र वास्तव में लोक पारम्परिक नृत्य का हिस्सा है। लोकनृत्य रसिया की पद्चाप एवं परम्परा हरियाणा के दूसरे नृत्यों से भिन्न है। वास्तव में यह चित्र बंचारी की नाचती हुई महिला का चित्र है, जिसको कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के तत्कालीन निदेशक श्री अनूप लाठर ने होली के अवसर पर बंचारी की महिला का नृत्य करते हुए चित्र को ही रत्नावली समारोह के प्रतीक चिह्न के रूप में स्थापित किया। उनके प्रयास से विभाग के कलाकार श्री आरएस पठानिया ने इसके अनेक चित्र भी अंकित किए और धीरे-धीरे यह रत्नावली के प्रतीक के रूप में एक अलग चिह्न स्थापित हो गया।

हिंदुस्थान समाचार/जरनैल/संजीव

Share this story