पलवल में 95 लाख की लूट का मास्टरमाइंड निकला चालक, तीन आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पलवल में 95 लाख की लूट का मास्टरमाइंड निकला चालक, तीन आरोपी गिरफ्तार


पलवल, 19 मार्च (हि.स.)। जिला पुलिस की अपराध जांच इकाई (सीआईए) ने हथियारों के बल पर की गई करीब 95 लाख रुपये की अंधी लूट की वारदात का पर्दाफाश करते हुए गिरोह के सरगना सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में गदपुरी थाना में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक (अपराध) अनिल कुमार ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि सीआईए प्रभारी रविंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने आधुनिक तकनीक और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 18 मार्च को दिल्ली-अलवर मार्ग स्थित बोडीकोठी क्षेत्र से तीन आरोपियों को काबू किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूंह निवासी 49 वर्षीय निसार (मुख्य आरोपी), 25 वर्षीय आसिफ तथा उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी 28 वर्षीय इमरान के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी निसार पिछले तीन वर्षों से शिकायतकर्ता के यहां चालक के रूप में कार्यरत था। उसे व्यापारी के कारोबार और आवागमन की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने होली के अवसर पर अवकाश लिया और अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, निसार और आसिफ वाहन चलाने का कार्य करते हैं, जबकि इमरान वेल्डिंग का काम करता है। इस लूटकांड में चार अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक वाहन भी बरामद किया है, जो जांच में तेलंगाना से चोरी का पाया गया है।

सीआईए प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि 11 मार्च को नूंह जिले के फिरोजपुर-झिरका निवासी कपिल सिंगला अपने भाई शुभम के साथ कार में कच्ची चांदी लेकर दिल्ली गए थे।

वहां चांदी बदलवाकर वे करीब 30 किलो चांदी और आठ लाख रुपये नकद लेकर लौट रहे थे। जैसे ही वे गदपुरी थाना क्षेत्र के सहराला गांव के पास दिल्ली-मुंबई मार्ग पर पहुंचे, बदमाशों ने अपना वाहन आगे लगाकर उनकी कार को रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने कार के शीशे तोड़ दिए और हथियारों के बल पर मारपीट करते हुए दोनों भाइयों को बंधक बना लिया। आरोपियों ने उन्हें बंचारी गांव के पास सुनसान स्थान पर छोड़ दिया और उनकी कार, चांदी तथा नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि लूटी गई चांदी, नकदी और हथियारों की बरामदगी की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story