कैथल: लाखाें की ऑनलाइन ट्रेडिंग ठगी में पांचवां आरोपी गिरफ्तार, थार गाड़ी बरामद

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: लाखाें की ऑनलाइन ट्रेडिंग ठगी में पांचवां आरोपी गिरफ्तार, थार गाड़ी बरामद


कैथल, 24 नवंबर (हि.स.)। ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर 89 लाख 13 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में कैथल पुलिस के इकोनॉमिक सेल ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जिला यमुनानगर के तिलक नगर, छछरौली रोड निवासी अजय शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त थार गाड़ी भी बरामद की है। आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। आर्थिक धोखाधड़ी के मामलों में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इकोनॉमिक सेल प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश की अगुवाई में एसआई कुलबीर की टीम ने यह गिरफ्तारी की है।पुलिस के अनुसार, मॉडल टाउन कैथल निवासी सुधीर शर्मा ने शिकायत में बताया था कि अनाज मंडी कैथल में उसकी आढ़त की दुकान है। दिसंबर 2024 में उसकी मुलाकात अजय शर्मा से हुई थी। आरोपी ने उसे बीएफएक्स ट्रेडिंग स्कीम नामक कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। खुद को कंपनी का टीम लीडर बताते हुए आरोपी ने छह से 10 प्रतिशत मासिक मुनाफे का भरोसा दिलाया। साथ ही जरूरत पड़ने पर मूल राशि वापस करने का आश्वासन भी दिया।शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कंपनी की प्रेजेंटेशन, मोबाइल एप और सेमिनार के माध्यम से उसे विश्वास में लिया। उसे और उसके परिचितों को कालका, यमुनानगर, पिंजौर सहित अन्य स्थानों पर आयोजित सेमिनारों में ले जाया गया। वहां विदेशी टूर, भारी कमीशन और बड़े मुनाफे का लालच देकर अधिक से अधिक लोगों को कंपनी से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस तरह योजनाबद्ध तरीके से उससे अलग-अलग तारीखों में कुल 89 लाख 13 हजार रुपये निवेश के नाम पर प्राप्त किए गए। आरोपियों ने नकद के अलावा विभिन्न बैंक खातों और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के माध्यम से भी रकम ली।

शुरुआत में विश्वास बनाए रखने के लिए उसे ढाई लाख रुपये नकद मुनाफे के रूप में दिए गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उसने अपनी निवेश की गई रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करने लगे। दिसंबर 2025 में कालका के एक होटल में आयोजित बैठक के दौरान आरोपियों ने कहा कि निवेश की राशि केवल हर महीने दो प्रतिशत की किस्तों में ही लौटाई जाएगी। विरोध करने पर आरोपियों ने जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज किया गया।पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्याेकंद ने बताया कि इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब पांचवें आरोपी अजय शर्मा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त थार गाड़ी बरामद की गई है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से धोखाधड़ी से जुड़े अन्य तथ्यों और रकम के लेन-देन के संबंध में पूछताछ की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782376 Articles

Share this story