विधायक ने गन्नौर में 62 प्राचार्य और शिक्षकों को सम्मानित किया
सोनीपत, 03 सितंबर (हि.स.)। गन्नौर
में शेखपुरा रोड स्थित चाइल्ड केयर इंटरनेशनल स्कूल में हुसा गन्नौर की ओर से शिक्षक
सम्मान समारोह गुरुवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक देवेंद्र कादियान
ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान राजकीय और निजी स्कूलों के 62 प्राचार्य
और शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
विधायक
देवेंद्र कादियान ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार भी देते
हैं। जीवन को सही दिशा देने और बच्चों को योग्य नागरिक बनाने में शिक्षकों की अहम भूमिका
है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन और सेवा के दौरान उन्हें भी शिक्षकों का मार्गदर्शन
मिला, जिसकी बदौलत वह आज इस मुकाम पर हैं।
कार्यक्रम
में खंड शिक्षा अधिकारी सुरजीत सिंह घणघस और खंड संसाधन केंद्र प्रभारी आजाद दहिया
विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे। समाजसेवी अंकित मल्होत्रा विशेष अतिथि रहे। कार्यक्रम
की अध्यक्षता हुसा प्रधान संदीप कादियान ने की। अतिथियों ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन
और मां सरस्वती की तस्वीर के समक्ष दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। स्कूली बच्चों
ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
खंड
शिक्षा अधिकारी सुरजीत सिंह घणघस ने कहा कि बच्चों को शुरुआती शिक्षा माता-पिता से
मिलती है, लेकिन उन्हें अच्छा नागरिक बनाने में शिक्षक की बड़ी भूमिका होती है।
समारोह
में विधायक देवेंद्र कादियान ने 62 प्राचार्य और शिक्षकों को सम्मानित किया। समापन
पर अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। इस अवसर पर चाइल्ड केयर स्कूल प्रबंधक अजय
यादव, पूर्व हुसा अध्यक्ष सुशील त्यागी, प्रिंसिपल परमिंदर दहिया, रुपेंद्र दहिया,
अजय भुक्कर, जोगेंद्र मलिक, दीपक शर्मा, पवन कुमार, रविंद्र धनखड़, अमित बत्रा, नवीन
कुमार, देवेंद्र पहल, डिम्पल शर्मा, समय सिंह, संजय नागपाल, प्रमोद शर्मा, अजय सरोहा
आदि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

