सोनीपत: नाके से भागी सेंट्रो कार पकड़ी, 60 पेटी अवैध शराब बरामद

WhatsApp Channel Join Now

सोनीपत, 11 अगस्त (हि.स.)। खरखौदा

थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाका तोड़कर भाग रही सेंट्रो कार का पीछा कर उसे गोपालपुर-सोहटी

रोड की फिरनी पर एक बाड़े से पकड़ लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें 60 पेटी अवैध शराब

बरामद हुई है। पुलिस ने कार चालक आकाश, निवासी शिव राम पार्क, नागलोई, दिल्ली

को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार और शराब को कब्जे में लेकर सील कर दिया है।

पुलिस

के अनुसार घटना बीती रात सोमवार की है। खरखौदा पुलिस की टीम गोपालपुर रोड पर नहर के

पास गश्त कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान खरखौदा की तरफ से काले रंग

की सेंट्रो कार आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने कार

रोकने के बजाय गति बढ़ा दी और गोपालपुर की तरफ भागने लगा।

उप-निरीक्षक

हरि प्रकाश ने पुलिस टीम के साथ सरकारी वाहन से कार का पीछा किया और इसकी सूचना थाना

प्रभारी को दी। आरोपी कार को तेज गति से भगाते हुए गोपालपुर से सोहटी रोड की फिरनी

पर स्थित एक बाड़े में ले गया। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक, चालक को पकड़

लिया।

पूछताछ

में चालक ने अपनी पहचान आकाश के रूप में बताई। पुलिस के मुताबिक उसने बताया

कि कार में शराब लदी होने के कारण पुलिस को देखकर वह भागा था। कार की पिछली सीट निकालकर

उसमें 35 पेटी फ्रेश संतरा देसी, चार पेटी मुरथल नंबर-एक, 12 पेटी रेस-7 और नौ पेटी

नाइट ब्लू ब्रांड की शराब रखी हुई थी। शराब

परिवहन से संबंधित वैध पास या लाइसेंस मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका।

आबकारी विभाग के निरीक्षक अश्वनी को मौके पर बुलाया गया। भौतिक जांच के बाद उन्होंने

शराब के अवैध होने की लिखित रिपोर्ट पुलिस को दी।

उप-निरीक्षक

हरि प्रकाश की शिकायत पर खरखौदा थाना पुलिस ने 10 अगस्त को आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे

कहां सप्लाई किया जाना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

Share this story