नूंह के रोजगार मेले में सात सौ युवाओं को मिला रोजगार

WhatsApp Channel Join Now
नूंह के रोजगार मेले में सात सौ युवाओं को मिला रोजगार


नूंह, 09 अक्टूबर (हि.स.)। नूंह जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), नूंह के तत्वावधान में शहीद हसन खान मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, नल्हड़ में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 52 कंपनियों ने भाग लिया और कुल 707 युवाओं को जॉइनिंग लेटर वितरित किए गए। इनमें 145 युवाओं को अप्रेंटिसशिप तथा 564 युवाओं को नियमित वेतन वाली नौकरियों के लिए जॉइनिंग लेटर मिले।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के नूंह जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, एसडीएम कुंवर आदित्य विक्रम सिंह और मंडलीय रोजगार अधिकारी योगेश कुमार भी विशेष रूप से मौजूद रहे। रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों ने युवाओं की योग्यता और तकनीकी दक्षता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।

रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त युवाओं को रोजगार से जोड़ना और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप उनके कौशल का उपयोग सुनिश्चित करना रहा। विभिन्न कंपनियों की भागीदारी से युवाओं को अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार चुनने का अवसर मिला। अप्रेंटिसशिप के माध्यम से युवाओं को कार्यक्षेत्र में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, वहीं नियमित वेतन वाली नौकरियों से उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के बीच की दूरी कम करने का अवसर मिला। रोजगार प्राप्त करने वाले युवा अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी योगदान दे सकेंगे।

ऐसे रोजगार मेले तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को कंपनियों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को उचित अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story