कैथल: ग्लूकोज के डिब्बों के पीछे छिपाकर डोडा पोस्त ले जाता ट्रक चालक गिरफ्तार
कैथल, 19 अगस्त (हि.स.)। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कैथल पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-152डी पर एक ट्रक से 488 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को ग्लूकोज के डिब्बों के पीछे छिपाकर ले जा रहे ट्रक चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को कब्जे में ले लिया। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है।
स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार के अनुसार एएसआई जसबीर सिंह की टीम बुधवार को अपराधों की रोकथाम के लिए गांव मोहना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नारनौल की तरफ से एक लाल रंग के आइशर छह टायरी ट्रक में भारी मात्रा में डोडा पोस्त छिपाकर ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने एनएच-152डी पर मोहना टोल से करीब एक किलोमीटर आगे अंबाला की तरफ नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद बताए गए नंबर का ट्रक वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने रुकवाकर जांच शुरू की। ट्रक चालक की पहचान सफदरपुर, जिला पटियाला, हाल निवासी राजपुरा, पंजाब निवासी संदीप सिंह के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक ट्रक के ऊपर ग्लूकोज के डिब्बे लदे हुए थे। जब सामान को हटाकर जांच की गई तो पीछे काले रंग के प्लास्टिक के कट्टे छिपाए हुए मिले।
तलाशी के दौरान कुल 22 कट्टे बरामद हुए। नियमानुसार जांच करने पर इनमें 488 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त मिला। मौके पर सूचना मिलने के बाद डीएसपी सुशील प्रकाश भी पहुंचे। उनकी मौजूदगी में नियमानुसार कार्रवाई की गई। मामले में थाना पूंडरी में केस दर्ज किया गया है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट से मौके पर पहुंचे एएसआई तरसेम कुमार ने आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को भी जब्त कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि डोडा पोस्त की यह खेप मध्य प्रदेश से पंजाब ले जाई जा रही थी। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि नशीला पदार्थ किससे लिया गया था और पंजाब में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। आरोपी को गुरुवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

