जींद : नशे के खिलाफ पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, नशा कारोबार से जुड़े लोगों के घरों पर दी दबिश
जींद, 21 फ़रवरी (हि.स.)। उप पुलिस अधीक्षक नरवाना कमलदीप राणा ने कहा कि जींद पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाए हुए है। इसी अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऑपरेशन आक्रमण चलाया गया। करीब 400 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की संयुक्त टीमों द्वारा पांच चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों गांव लोहचब, गांव आफताबगढ़, डेरा सच्चा सिंह, संडिल तथा शहर नरवाना की चमेला कॉलोनी में एक साथ सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
उप पुलिस अधीक्षक नरवाना कमलदीप राणा शनिवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने बताया कि एसपी कुलदीप सिंह के दिशा-निर्देशन में ऑपरेशन आक्रमण के तहत नशा कारोबार से जुड़े लोगों के घरों पर दबिश दी गई और सर्च अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व डीएसपी कमलदीप राणा, डीएसपी उचाना संजय कुमार व डीएसपी सफीदों गौरव शर्मा द्वारा किया गया। नरवाना क्षेत्र में चमेला कॉलोनी में यह अभियान डीएसपी नरवाना के नेतृत्व में, थाना सदर नरवाना एवं थाना गढ़ी, सीआईए नरवाना की टीमों द्वारा चलाया गया।
सफीदों क्षेत्र में डीएसपी सफीदों के नेतृत्व में एसएचओ सदर सफीदों राजेश शर्मा सहित चार विशेष टीमों का गठन कर तथा थाना प्रभारी अलेवा द्वारा योजनाबद्ध तरीके से तलाशी अभियान संचालित किया गया। अभियान में डॉग स्क्वाड, बिजली विभाग तथा आमजन का सक्रिय सहयोग लिया गया। चमेला कॉलोनी नरवाना में बिजली विभाग द्वारा 10 चालान किए गए। जिनमें लगभग तीन लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। तलाशी के दौरान दो लैपटॉप, एक कार तथा छह मोटरसाइकिलस पाई गईं। जिन्हें नियमानुसार कब्जे में लिया गया। डीएसपी कमलदीप ने नशा तस्करों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नशा तस्करों द्वारा अर्जित अवैध संपत्ति एवं अवैध निर्माणों की भी गहन जांच की गई है। जिसकी अलग से कार्यवाही जारी है। उन्होंने पीआईटी एनडीपीएस के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस एक्ट के अंतर्गत कई नशा तस्करों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है तथा भविष्य में भी अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का संकल्प स्पष्ट है कि नशे के नेटवर्क पर लगातार प्रहार, अवैध संपत्ति पर सख्त कार्रवाई और समाज को सुरक्षित, स्वस्थ व नशामुक्त बनाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

