कैथल: सेवा संकल्प अभियान में 400 छात्राओं ने बनाई मानव शृंखला, दिया एकजुटता का संदेश
कैथल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत जाखौली अड्डा स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा छठी से 11वीं तक की करीब 400 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानव शृंखला बनाई। इसके माध्यम से छात्राओं ने समाज में एकजुटता, सहयोग, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस गतिविधि में छात्राओं ने अनुशासन के साथ मानव शृंखला बनाकर सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों से अवगत करवाना और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करना रहा। छात्राओं ने इस गतिविधि में बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए यह संदेश दिया कि सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को सफल बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है।
जिला नोडल अधिकारी छत्रपाल ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मानव शृंखला बनाई गई, जिसमें करीब 400 छात्राओं ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में सेवा भाव, सहयोग, अनुशासन और सामूहिक भागीदारी की भावना विकसित होती है। साथ ही, उन्हें समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और सकारात्मक सामाजिक कार्यों में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

