जींद : स्टॉक निवेश के नाम पर साढ़े आठ लाख की ठगी का आरोपी काबू

WhatsApp Channel Join Now
जींद : स्टॉक निवेश के नाम पर साढ़े आठ लाख की ठगी का आरोपी काबू


जींद, 06 जून (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने स्टॉक मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के पास से 40 हजार रुपये की नगदी भी बरामद की है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

थाना साइबर क्राइम जींद के प्रभारी उप निरीक्षक जगदीप सिंह ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि गांव लोहचब निवासी राजेंद्र ने थाना साइबर क्राइम को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी सीमा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर रील्स देख रही थी। इसी दौरान उसे स्टॉक मार्केट में निवेश संबंधी एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद वह एक व्हाट्सअप ग्रुप में जुड़ गई। जहां निवेश के नाम पर आकर्षक योजनाएं बता कर लोगों को लालच दिया जाता था। उन्होंने उसकी पत्नी से आईआईएफएल प्रो नामक एक फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करवाई तथा विभिन्न बैंक खातों में पैसे जमा करवाने शुरू कर दिए।

शुरुआत में कम राशि निवेश करवा कर विश्वास में लिया गया तथा बाद में अधिक लाभ का झांसा देकर अलग-अलग तिथियों में विभिन्न बैंक खातों से कुल आठ लाख 37 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए। जब उसकी पत्नी ने निवेश की गई राशि वापस निकालने का प्रयास किया तो उन्होंने ओर अधिक ओर निवेश करने को कहा। जिसे पर उन्हें धोखाधड़ी का अहसास हुआ।

साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर बैंक खातों की विस्तृत जांच की गई तथा पैसों के ट्रांजेक्शन की कडिय़ों को जोड़ते हुए कई संदिग्ध खातों की पहचान की गई। इस मामले में पुलिस गांव सांगनेर जयपुर (राजस्थान) निवासी रिषभ को गिरफ्तार किया। रिषभ से पूछताछ में गांव खुड, जिला सीकर (राजस्थान) निवासी महेंद्र का नाम सामने आया। जिस पर पुलिस ने तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर महेंद्र को गिरफ्तार करके उसकी निशानदेही पर 40 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story