जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों को होगा अधिकारियों का प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now

नूंह, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर नूंह जिले में प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया तेज की जा रही है। इसके तहत जिला, उपमंडल, चार्ज एवं शहरी जनगणना अधिकारियों के लिए 22 और 23 अक्टूबर को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त अखिल पिलानी ने गुरुवार को बताया कि प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को जनगणना से संबंधित कार्यों, निर्धारित दिशा-निर्देशों और जिम्मेदारियों की जानकारी दी जाएगी, ताकि आगामी चरण का कार्य योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

उपायुक्त ने बताया कि जिले में जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों के तहत अनुमानित 3,472 प्रगणक खंड निर्धारित किए गए हैं। जनगणना की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना जरूरी है। इसी उद्देश्य से दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

अखिल पिलानी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके माध्यम से जनसंख्या से संबंधित आवश्यक आंकड़े एकत्रित किए जाते हैं, जो विभिन्न योजनाओं के निर्माण और प्रशासनिक जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए जनगणना कार्य में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप करना चाहिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना के दूसरे चरण से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं। साथ ही, प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबंधित अधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्य के दौरान किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े और जिले में जनगणना की प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से पूरी हो सके। इस अवसर पर एसडीएम फिरोजपुर झिरका रूहानी, एसडीएम पुनहाना अमित गुलिया, नगराधीश अप्रितम सिंह तथा जिला राजस्व अधिकारी (डीआरओ) रणविजय सिंह सुल्तानिया सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story