जींद : बारिश ने किसानों के अरमानों पर फेरा पानी, लाखों क्विंटल धान फसल भीगी
जींद, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में गुरूवार को बारिश ने जहां किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया, वहीं मंडियों में बिकने के लिए आया लाखों क्विंटल धान भीग गया। पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम ने मध्यरात्रि के बाद करवट ले ली थी। आकाश में बादल घिर आए। गुरूवार को दिन का आगाज आकाश में छाए बादलों तथा तेज हवा के साथ हुआ।
हवा की स्पीड 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा पहुंची। जिससे होर्डिंग्स, बोर्ड उखड़ गए और पेड़ भी टूट गए। साथ ही तेज बारिश भी शुरू हो गई। जिले में औसतन 11.42 एमएम बारिश दर्ज की गई। नरवाना में 30 एमएम जींद में 24.2 एमएम, सफीदों में 15 एमएम, जुलाना में चार एमएम, उचाना में 12 एमएम, अलेवा में 23 एमएम तथा पिल्लूखेड़ा में बूदांबादी दर्ज की गई। वीरवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम में आर्द्रता 66 प्रतिशत तथा हवा की गति 13 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आगे मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिक डा. राजेश ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण बारिश हुई है। आगे मौसम में भी उतार-चढ़ाव बना रहेगा। किसान मौसम को ध्यान में रख कर कृषि से संबंधित कार्य करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

