जींद : कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच नीट परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
जींद : कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच नीट परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न


जींद, 21 जून (हि.स.)। शहर में छह परीक्षा केंद्रों पर रविवार को आयोजित की गई नीट परीक्षा कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच संपन्न हुई। तय समय से पहले ही परीक्षार्थी तथा उनके अभिभावक परीक्षा केंद्रों के बाहर एकत्रित होना शुरू हो गए थे। गहनता से जांच के बाद परीक्षार्थी की परीक्षा केंद्र में एंट्री हुई। तय समयानुसार दो बजे परीक्षा शुरू हुई और समापन सवा पांच बजे हुआ। जबकि दिव्यांग छात्रों को अतिरिक्त समय भी दिया गया।

इस दौरान परीक्षार्थियों के साथ आए परिजन परीक्षा केंद्रों के आसपास बैठ कर इंतजार करते हुए नजर आए। छह परीक्षा केंद्रों पर कुल 3018 परीक्षार्थियों में से 2754 परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे और 264 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे। परीक्षा को नकल रहित संपन्न करवाने के लिए भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया था। परीक्षा के दौरान हर परीक्षा केंद्र पर खूफिया विंग ने भी सतर्कता रखी और परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। डयूटीरत कर्मचारियों के कागजात जांचे, परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़ी गाडिय़ों की तलाशी ली और उनमे बैठे लोगों से बातचीत की। फोटो स्टेट दुकानों तथा कोचिंग सेंटरों को बंद करवाया गया और चेतावनी दी की अगर परीक्षा के दौरान वे अपने संस्थानों को न खोलें और न ही अवांछित तत्व को अंदर आने दें।

प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर तथा अंदरूनी हालातों, डयूटीरत कर्मचारियों पर खूफिया विंग के सदस्य लगातार नजर रखे हुए थे। सेंटरों के बाहर बाहर खड़ी गाडिय़ों की जांच की गई। कर्मचारियों से पूछताछ की गई और उनके आई कार्ड भी जांचे गए। परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए परीक्षार्थियों को तीन चरणों की जांच से होकर गुजरना पड़ा। नकल रहित परीक्षा करवाने के तहत सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर धारा 163 लागू रही और परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थापित सभी फोटो स्टेट, कोचिंग सेंटरों को बंद करवा दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story