जींद : नगूरां में 69 करोड़ से सुधरेगी पेयजल व सीवरेज व्यवस्था

WhatsApp Channel Join Now
जींद : नगूरां में 69 करोड़ से सुधरेगी पेयजल व सीवरेज व्यवस्था


जींद, 25 फ़रवरी (हि.स.)। महाग्राम में शामिल किए गए गांव नगूरां में पेयजल व सीवरेज व्यवस्था को लेकर 69 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जिसका निर्माण कार्य तीव्र गति से चल रहा है। बुधवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के उपमंडल अभियंता रणवीर सिंह ने नगूरां गांव में बन रहे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट व सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ जिला सलाहकार रणधीर मताना व कनिष्ठ अभियंता हितेश्वर सिंह भी उपस्थित रहे।

उप मंडल अभियंता ने बताया कि महाग्राम नगूरां में पेयजल की समस्या को खत्म करने के लिए विभाग द्वारा बड़ा जलघर बनाया जा रहा है। इस योजना के तहत दो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाएंगे। जोकि 1.00 एमएलडी व 2.50 एमएलडी के लगाए जाएंगे। गांव में पेयजल आपूर्ति करने के लिए गांव के विभिन्न स्थानों पर तीन बूस्टर की स्थापना की जाएगी ताकि हर घर तक पेयजल व्यवस्था को सुचारित की जा सके। इसके साथ ही इस योजना में पेयजल की पाइपलाइन डलवाने का प्रावधान भी है। उन्होंने बताया कि गांव में गंदे पानी की निकासी करने के लिए गांव में सीवरेज व्यवस्था की जाएगी। इसके तहत पूरे गांव में सीवरेज पाइप लाइन डाली जाएगी व 2.50 एमएलडी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा। इस योजना पर करीब 25 करोड़ 31 लाख रुपये खर्च किए जाएंगें। महाग्राम में यह दोनों सुविधा प्रदान करने के लिए कार्य प्रगति पर चल रहा है।

इस मौके पर जिला सलाहकार रणधीर मताना ने बताया कि गांव में पेयजल संरक्षण व पेयजल बिल एकत्रित करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत लोगों को अपने पानी के बिल ऑनलाइन भरने के लिए प्रेरित किया जा रहा है तथा पानी बचाने के लिए नलों पर टेप लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है ताकि पानी को अधिक से अधिक बचाया जा सके। उन्होंने बताया कि विभाग की टीम द्वारा समय-समय पर पेयजल की जांच ग्रामीण सत्र पर घर-घर जाकर की जा रही है स इसके अलावा पेयजल सोर्सेस से भी पानी की जांच विभाग के लैब में की जा रही है ताकि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story