जींद : बूरा बनाने के गोदाम से 240 कट्टे चीनी चोरी, दो गाड़ियों में भरकर ले गए चोर
जींद, 25 नवंबर (हि.स.)।रोहतक रोड स्थित बूरा बनाने के एक गोदाम से अज्ञात लोग 240 कट्टे चीनी चोरी कर ले गए। चोर दो गाड़ियों में चीनी के कट्टे लेकर गए हैं। गोदाम के सीसीटीवी कैमरों को चोरों ने बंद कर दिया जबकि पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरों में गाड़ी की आते-जाते की वीडियो बन गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सोनू गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोहतक रोड पर नई अनाजमंडी के सामने बूरा बनाने का काम करता है। उसने मै. श्याम शरणम् इंडस्ट्रीज के नाम से अपनी फर्म बनाई हुई है। 22 नवंबर रात को साढ़े सात बजे के आसपास वह अपने गोदाम को सही करके घर आ गया था। जब सुबह वह गोदाम पर पहुंचा तो उसके गोदाम के ताले टूटे मिले और यहां से 240 कट्टे चीनी के गायब मिले। सोनू गोयल ने बताया कि चोरों ने पहले गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद किए।
इसके बाद गोदाम में रखे चीनी के 240 कट्टे दो गाड़ियों में लोड करके ले गए। उसके पड़ोसी के यहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चोर गाड़ियों में चीनी के कट्टे लोड करते नजर आए। सीसीटीवी फुटेज में एक बाइक सवार भी नजर आ रहा है, जो बिशनपुरा तक गाड़ियों के आगे-आगे चलता दिखाई दे रहा है। सोनू गोयल ने कहा कि उसको सात लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। रोहतक रोड चौकी इंचार्ज अमित खर्ब ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

