सोनीपत: पहलवानों ने जिला कुश्ती प्रतियोगिता में जीते 21 पदक, राज्यस्तर पर सात का चयन
सोनीपत, 05 अगस्त (हि.स.)। खरखौदा
के प्रताप सिंह मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पहलवानों ने जिला कुश्ती प्रतियोगिता
में शानदार प्रदर्शन करते हुए 21 पदक जीतकर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। अंडर-14,
अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग की प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने सात स्वर्ण, 12 रजत और
दो कांस्य पदक अपने नाम किए। सातों स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों का चयन अब राज्य स्तरीय
प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
स्वर्ण
पदक ईशांत, मनीत, परमजीत, शौर्य, शुभम, अभी और सागर ने जीते। रजत पदक हिमांशु, लक्ष्य,
कार्तिक, दक्ष, वंश, प्रिंस, विनीत, मयंक, जितिन, अक्षित, अस्मित और सूरज ने हासिल
किए। कांस्य पदक वंश और उमंग के नाम रहे। प्रतियोगिता
से लौटने पर बुधवार को विद्यालय परिसर में सभी विजेता खिलाड़ियों का स्वागत किया गया।
द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित ओमप्रकाश दहिया ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता कठिन
परिश्रम, अनुशासन, प्रशिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने
बताया कि विद्यालय में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण, वैज्ञानिक
फिटनेस, पौष्टिक आहार और अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने
कहा कि विद्यालय में 26 खेलों की व्यवस्था है तथा यहां के पहलवान अब तक 73 अंतरराष्ट्रीय
और 393 राष्ट्रीय पदक जीत चुके हैं।
डॉ.
सुबोध दहिया ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय
में शिक्षा और खेल को समान महत्व दिया जाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय
के खिलाड़ी आगे भी राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर
विद्यालय, हरियाणा और देश का नाम रोशन करेंगे। प्राचार्या दया दहिया, प्रशिक्षक संदीप,
प्रदीप, अंकित मलिक, संतोष तथा अभिभावकों ने खिलाड़ियों का अभिनंदन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

