जींद : अवैध कॉलोनियों पर चला पीला पंजा, डीटीपी ने चेताया

WhatsApp Channel Join Now
जींद : अवैध कॉलोनियों पर चला पीला पंजा, डीटीपी ने चेताया


जींद, 28 जुलाई (हि.स.)। जिला नगर योजनाकार विभाग ने विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ मंगलवार को सख्त कार्रवाई की। जिला नगर योजनाकार मनीष दहिया के नेतृत्व में राजस्व एस्टेट अहिरका स्थित शहरी एवं नियंत्रित क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही दो कॉलोनियों में किए गए अवैध निर्माणों को जेसीबी की सहायता से तोडऩे का काम किया।

अभियान के दौरान लगभग तीन एकड़ क्षेत्र में की गई अवैध प्लॉटिंग को समाप्त किया गया। इसके अलावा मौके पर बनाई गई 20 डीपीसी, अवैध सड़क नेटवर्क तथा इंटरलॉक टाइल्स को भी जेसीबी मशीनों की सहायता से हटाया एवं ध्वस्त किया गया। कार्रवाई अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

जिला नगर योजनाकार मनीष दहिया ने बताया कि विभाग की अनुमति एवं लाइसेंस के बिना विकसित की गई कॉलोनियां और उनमें किए गए निर्माण पूर्णत: अवैध हैं। ऐसे मामलों में विभाग द्वारा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाती है। मनीष दहिया ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट या संपत्ति खरीदने से पहले यह अवश्य सुनिश्चित करें कि संबंधित कॉलोनी विभाग से विधिवत लाइसेंस प्राप्त है। बिना लाइसेंस विकसित अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है तथा भविष्य में कानूनी जटिलताओं का भी सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर योजनाकार विभाग द्वारा अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के विरुद्ध अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story