नीट परीक्षा में रैंक सुधार के नाम पर लाखों की ठगी, फरीदाबाद पुलिस ने उड़ीसा से महिला को दबोचा

WhatsApp Channel Join Now

फरीदाबाद, 2 दिसंबर (हि.स.)। बल्लभगढ़ में नीट परीक्षा में रैंक सुधार का लालच देकर 16.50 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा प्रांत के भुवनेश्वर से एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला एक छात्रावास (पीजी) में अधीक्षिका का कार्य करती थी और उसने अपना बैंक खाता ठगों को उपयोग के लिए दे रखा था। अदालत में पेश करने के बाद उसे आठ दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

सेक्टर-3 निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि वर्ष 2024 में उनकी बेटी ने नीट परीक्षा दी थी और परिणाम की प्रतीक्षा चल रही थी। इसी दौरान उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने दावा किया कि वह उनकी बेटी की रैंक सुधार सकता है और पहले भी कई छात्र-छात्राओं की रैंक ठीक करवा चुका है। ठगों ने भरोसा दिलाने के लिए कुछ नकली कागजात भी भेजे। बाद में उन्होंने रैंक सुधार के लिए 17 लाख रुपये की मांग की। महिला ने उनके कहे अनुसार 16.50 लाख रुपये बताए गए खाते में जमा करा दिए।

राशि भेजते ही ठगों ने फोन उठाना बंद कर दिया। तब महिला को पता चला कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गई है, जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत साइबर थाना पुलिस को दी।

जांच में जुटी पुलिस ने लेन-देन तथा कॉल विवरण के आधार पर भुवनेश्वर में छापा मारा और शांति देवी नामक महिला को दबोच लिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि महिला बारहवीं उत्तीर्ण है और छात्र आवास में अधीक्षिका के रूप में काम करती थी। जांच से पता चला कि ठगी में उपयोग किया गया बैंक खाता उसी का था, जिसे उसने गिरोह को दे रखा था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे गिरोह की तलाश में लगी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story