हरियाणा के 15.95 लाख किसानों को मिले 319.13 करोड़ रुपये

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा के 15.95 लाख किसानों को मिले 319.13 करोड़ रुपये


हरियाणा के 15.95 लाख किसानों को मिले 319.13 करोड़ रुपये


- पंचकूला में आयोजित हुआ राज्य स्तरीय पीएम किसान उत्सव दिवस

चंडीगढ़, 20 जून (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत के कृषि क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। हरियाणा सरकार ने भी इसी दिशा में गति से कार्य करते हुए किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और कृषि को तकनीक से जोड़ने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

प्रधानमंत्री ने ऑनलाइन माध्यम से पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त के तहत 9 करोड़ 44 लाख से अधिक लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में 18 हजार 880 करोड़ से अधिक की राशि का हस्तांतरण किया। इसमें हरियाणा के 15 लाख 95 हजार 644 लाभार्थी किसानों के खातों में 319 करोड़ 13 लाख रुपये की राशि जारी की गई।

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने प्रदेश के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि आज की इस राशि को मिलाकर हरियाणा के किसानों को 23 किस्तों में कुल 7 हजार 881 करोड़ 60 लाख रुपये दिए जा चुके हैं। यह राशि किसानों के बैंक खातों में बिना किसी बिचौलिए के तथा बिना किसी सिफारिश के पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि यह धनराशि अन्नदाता के प्रति सम्मान का प्रमाण है। यह उस विश्वास का प्रतीक है कि जो व्यक्ति धरती मां की सेवा करता है, उसकी चिंता देश की सरकार स्वयं करती है। उन्होंने कहा कि एक समय था, जब किसान सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाता था परंतु आज तकनीक व्यवस्था बदल दी है। अब किसान को सम्मान के लिए किसी के सामने हाथ नहीं फैलाना पड़ता। उसका अधिकार सीधे उसके खाते में पहुंचता है। प्रधानमंत्री का मानना है कि जब किसान मजबूत होगा, तब भारत मजबूत होगा और इसी सोच ने भारत के कृषि क्षेत्र को नई दिशा दी है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों को सशक्त, मजबूत और प्रगतिशील बनाने के लिए प्रतिबद्व है। राज्य में किसानों की सभी 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। पिछले 12 सीजन में अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1 लाख 80 हजार करोड़ रुपये डाले जा चुके हैं। उन्होने कहा कि राज्य में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2022 में प्राकृतिक खेती योजना शुरू की थी। इस पोर्टल पर लगभग 2 लाख किसानों ने 3 लाख एकड़ क्षेत्र का पंजीकरण करवाया है। इसमें से 44 हजार एकड़ क्षेत्र में प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए 23 हजार 930 किसानों का सत्यापन किया जा चुका है। वर्ष 2025-26 में प्रदेश में 20 हजार 727 एकड़ क्षेत्र पर प्राकृतिक खेती की गई। इसके अलावा प्राकृतिक खेती के प्रशिक्षण के लिए कुरुक्षेत्र-गुरुकुल, जींद-हमेटी, सिरसा-मंगियाना और करनाल-घरौंडा में प्रशिक्षण केंद्र खोले गए है। अब तक 12 हजार से अधिक प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story