फतेहाबाद: साइबर पुलिस ने गुम हुए 14 मोबाइल फोन मालिकों को लौटाए

WhatsApp Channel Join Now
फतेहाबाद: साइबर पुलिस ने गुम हुए 14 मोबाइल फोन मालिकों को लौटाए


फतेहाबाद, 01 अक्टूबर (हि.स.)। साइबर थाना फतेहाबाद ने विभिन्न शिकायतों में गुम हुए 14 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। साइबर पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से अपने खोए हुए फोन वापस पाकर मोबाइल धारकों के चेहरों पर फिर से खुशी लौट आई। गुरूवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी निकिता खट्टर ने स्वयं सभी बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों के लिए सुपुर्द किए। अपना खोया हुआ फोन वापस मिलने पर नागरिकों ने फतेहाबाद पुलिस का दिल से आभार व्यक्त किया तथा साइबर थाना टीम की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी दक्षता की जमकर सराहना की।

साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने आईएमईआई ट्रैकिंग, डिजिटल सर्विलांस तथा तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से इन गुम मोबाइल फोनस का पता लगाया। प्राप्त शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए टीम ने विभिन्न स्थानों से मोबाइल रिकवर किए और विधिवत पहचान प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें सुरक्षित सौंप दिया। फोन वापस पाने वालों में सोनु इंद्रा कॉलोनी, टोहाना, अजय कुमार फतेहाबाद, भूपेन्द्र सिंह जाखल मंडी, राममूर्ति पालसर, कृष्ण भिवानी, ज्योति रतिया, राकेश कुमार नहर कॉलोनी, टोहाना, राजेन्द्र गोरखपुर, बंटी कुमार रतिया, सोनु कुमार भोडिय़ा खेड़ा, निशु टोहाना, मोना बाई टोहाना, मनोज फतेहाबाद तथा राजू भिरड़ाना शामिल रहे। एसपी निकिता खट्टर ने कहा कि तकनीक तभी सार्थक है, जब उससे आमजन को त्वरित राहत मिले। गुम मोबाइल बरामद कर लोगों को वापस लौटाना केवल तकनीकी उपलब्धि नहीं, बल्कि फतेहाबाद पुलिस की संवेदनशील, जवाबदेह और जनसेवा के प्रति समर्पित कार्यशैली का परिचायक है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

Share this story