बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर नूंह में 13 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त

WhatsApp Channel Join Now
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर नूंह में 13 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त


नूंह, 23 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर्स संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर जारी बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर जिला प्रशासन ने कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधीश एवं उपायुक्त अखिल पिलानी ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 24 अक्टूबर 2026 तक ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। संबंधित अधिकारियों को पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आवश्यक सेवाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधीश की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, नियुक्त अधिकारी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के तहत कार्यकारी मजिस्ट्रेट की शक्तियों का प्रयोग करेंगे। सभी अधिकारियों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में सतर्क रहने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक समन्वय बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रशासनिक आदेश के तहत रोजका मेव थाना क्षेत्र में बागवानी विकास अधिकारी मनीष कुमार, शहर नूंह थाना क्षेत्र में जिला समाज कल्याण अधिकारी बिरेंद्र सिंह और सदर नूंह थाना क्षेत्र में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अंकित यादव को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।

इसी प्रकार आकेड़ा थाना क्षेत्र में जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ जयदेव, शहर फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र में जिला प्रयोगशाला केमिस्ट ताहिर हुसैन और सदर फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अजीत सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शहर पुन्हाना थाना क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय पुन्हाना के सहायक प्रोफेसर डॉ. आकाश तथा सदर पुन्हाना थाना क्षेत्र में जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ सुमित वर्मा को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। वहीं, बिछोर थाना क्षेत्र में खंड कृषि अधिकारी सुनील कुमार, पिनगवां थाना क्षेत्र में जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ सुरेंद्र सिंह और नगीना थाना क्षेत्र में नायब तहसीलदार रवि कुमार की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अतिरिक्त शहर तावड़ू थाना क्षेत्र में उपमंडल अभियंता आबिद हुसैन तथा सदर तावड़ू एवं मोहम्मदपुर अहीर थाना क्षेत्र में नायब तहसीलदार दया चंद को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।

पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय के निर्देश

जिलाधीश अखिल पिलानी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने निर्धारित क्षेत्रों में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखें तथा पुलिस प्रशासन के साथ तालमेल बनाकर कार्य करें। हड़ताल के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने और आवश्यक सेवाओं को प्रभावित होने से बचाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सतर्कता बरतने को कहा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story