मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना में 13 लाभार्थियों को मिले प्लॉट

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना में 13 लाभार्थियों को मिले प्लॉट


सिरसा, 13 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के तहत सोमवार को सिरसा के पंचायत भवन में प्लॉट आवंटन के लिए ड्रा निकाला गया। ड्रा की पूरी प्रक्रिया अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल के देखरेख में सम्पन्न हुई। एडीसी अर्पित संगल ने बताया कि योजना के तीसरे चरण के अंतर्गत पात्र परिवारों को 100-100 वर्ग गज के आवासीय प्लॉट प्रदान किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में खंड नाथूसरी चोपटा के गांव रामपुरा नवाबाबाद के कुल 13 पात्र लाभार्थियों के लिए ड्रा निकाला गया, जिसमें सभी को 100 वर्ग गज के प्लॉट आवंटित किए गए। ड्रा प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया गया, ताकि सभी पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समान रूप से मिल सके। अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने कहा कि राज्य सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना ग्रामीण क्षेत्रों के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। जिन परिवारों के पास अपना घर या जमीन नहीं है, उन्हें इस योजना के माध्यम से सरकार पंचायती जमीन पर आवासीय प्लॉट उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे वे अपने घर का निर्माण कर सकें और सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें। कार्यक्रम के दौरान डीडीपीओ बलजीत सिंह और बीडीपीओ हरीश सहित संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story