जींद में हड़ताल पर सफाई कर्मी, सैकड़ाें टन कचरा हुआ जमा

WhatsApp Channel Join Now
जींद में हड़ताल पर सफाई कर्मी, सैकड़ाें टन कचरा हुआ जमा


जींद, 03 मई (हि.स.)। नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर सफाई कर्मियों ने अपनी हडताल को पांच मई तक बढा दिया है। शहर में प्रतिदिन 120 टन तथा जिला में प्रतिदिन 185 टन कचरा निकलता है। पिछले तीन दिन से शहर तथा जिलाभर में कचरे का उठाान नही हो पाया है। ऐसे में जगह-जगह कचरे के ढेर लगने व उनसे उठने वाली बदबू से आमजन परेशान हो गया। स्थानीय लोगों की मांग है कि जिला प्रशासन शहर में सफाई व कचरे के उठान को लेकर प्रबंध करवाए।

जींद शहर की बात की जाए तो यहां नियमित तौर पर 168 व एचकेआरएन के तहत लगभग 200 कर्मचारी सफाई कार्य के लिए काम करते हैंं। शहर से 120 टन कचरा व जिला से 185 टन कचरा निकलता है। ऐसे में रविवार को तीन दिनों तक कचरे का उठान न हो पाने के कारण 360 टन कचरा एकत्रित हो गया है। वहीं जिला में 550 टन से अधिक कचरा एकत्रित हो गया है। सफाई कार्य ठप रहने के चलते शहर में कचरे का उठान नही हो पाया। सड़कों, गलियों और वार्डों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। जिससे बदबू फैल रही है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रविवार सुबह भी वार्डवासी कचरा फेंकने के लिए गाड़ी का इंतजार करते रहे लेकिन सफाई गाडिय़ां नहीं पहुंचीं। परेशान होकर कई लोगों ने घर का कूड़ा सड़क किनारे, नालियों के पास या खाली प्लॉटों या सार्वजनिक स्थानों में फेंक रहे हैं। शहर व जिला से कूड़े का उठान न होने के कारण स्वास्थ्य समस्या पैदा होने का खतरा बढ़ गया है।

नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने बताया कि गंदगी (अस्वच्छता) के कारण हैजा, टाइफाइड, पेचिश, दस्त, पीलिया, मलेरिया, डेंगू, पेट में कीड़े, त्वचा संक्रमण (दाद, खाज) और टीबी जैसी गंभीर बीमारियां होती हैं। ये बीमारियां मक्खियों, मच्छरों और गंदगी में पनपने वाले बैक्टीरिया के कारण फैलती हैं। घर और बाहर गंदगी होने के कारण ही टाइफाइड बुखार होता है। ऐसे में हमें अपने आसपास गंदा पानी व गंदगी इक्कठा नही होने देना चाहिए। सफाई ही सभी बीमारियों को खत्म करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story