सिरसा: आधा दर्जन ठिकानों पर छापेमारी, 12 घरेलू सिलेंडर जब्त
सिरसा, 19 मार्च (हि.स.)। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीमों ने सिरसा शहर में आधा दर्जन जगहों पर औचक छापेमारी कर करीब एक दर्जन घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक प्रयोग किया जा रहा था वहीं जिला प्रशासन ने एलपीजी की कालाबाजारी रोकने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिए हैं। गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लाइनें नहीं टूट रही हैं। घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक प्रयोग को रोकने के लिए टीमें लगातार प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई कर रही हैं।
विभाग की टीमों ने गुरुवार को सिरसा शहर में छापामारी कर आधा दर्जन प्रतिष्ठानों से 12 घरेलू सिलेंडर जब्त किए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि घरेलू सिलेंडरों के कमर्शियल प्रयोग करने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनाधिकृत उपयोग पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। इस संबंध में केंद्र वाइज नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो इन गतिविधियों पर निगरानी रखेंगे और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे। सिरसा, डिंग, सूचान, मल्लेकां, नाथुसरी चोपटा क्षेत्रों के लिए सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी राहुल कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार कालांवाली, औढां और रोड़ी क्षेत्र के लिए सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी संदीप कुमार, रानियां, ऐलनाबाद, बड़ागुढा, जीवननगर व डबवाली क्षेत्रों के लिए सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी जगपाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले नियंत्रक हरवीर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से निगरानी रखें और किसी भी अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई करें।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

