‘संचार साथी ऐप’ नागरिकों की गोपनीयता का उल्लंघन : राव नरेंद्र सिंह

WhatsApp Channel Join Now

नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर बढ़ रहे हमले

चंडीगढ़, 02 दिसंबर (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि दूरसंचार विभाग द्वारा लांच किए गए ‘संचार साथी ऐप’ को साइबर फ्रॉड से बचाव के नाम पर सभी नए मोबाइल हैंडसेट्स में प्री-इंस्टॉल करने और उसे अनइंस्टॉल न किए जा सकने का आदेश जारी किया गया है।

इस निर्णय पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव ने कहा कि यह ऐप गोपनीयता का खुला उल्लंघन है तथा नागरिकों की गतिविधियों पर निगरानी रखने वाला उपकरण है। उन्होंने इसे असंवैधानिक, तानाशाही प्रवृत्ति का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह कदम अनुच्छेद 21 (जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार) का सीधा उल्लंघन है।

उन्होंने कहा कि प्री-लोडेड यह ऐप हर भारतीय की गतिविधियों, बातचीत और निजी निर्णयों पर नजर रखने की क्षमता रखता है। यह पेगासस से भी आगे का हमला है और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर लगातार हो रहे हमलों की श्रृंखला का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा आवश्यक है, लेकिन इसे बहाना बनाकर नागरिकों के फोन में ब्लैंकेट एक्सेस लेना सीधा-सीधा निजी जीवन पर हमला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story