हिसार : पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण जरूरी : रणबीर गंगवा

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण जरूरी : रणबीर गंगवा


लुवास में किसान यात्रा एवं पशुधन संवर्धन सम्मेलन आयोजित

वैज्ञानिक पशुपालन पर जोर, प्रगतिशील किसान सम्मानित

हिसार, 17 जून (हि.स.)। राज्य के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा है

कि पिछले 12 वर्षों में कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है तथा

केंद्र एवं हरियाणा सरकार किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए अनेक जनहितकारी

योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पशुधन बीमा, डेयरी विकास, नस्ल सुधार,

पशु स्वास्थ्य सेवाओं और स्वरोजगार आधारित योजनाओं का लाभ उठाकर किसान अपनी आर्थिक

स्थिति को और अधिक सुदृढ़ बना सकते हैं।

मंत्री रणबीर गंगवा केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष

पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान के तहत लाला लाजपत

राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) की ओर से एचएयू के इंदिरा

गांधी सभागार में आयोजित किसान यात्रा एवं पशुधन संवर्धन सम्मेलन को संबोधित कर रहे

थे। मंत्री गंगवा ने वैज्ञानिक पशु प्रबंधन,

संतुलित पशु आहार, आधुनिक तकनीकों तथा उन्नत नस्लों को अपनाने पर बल देते हुए कहा कि

पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए विज्ञान आधारित दृष्टिकोण अपनाना समय की आवश्यकता

है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लुवास के कुलपति प्रो. विनोद कुमार वर्मा

ने कहा कि विश्वविद्यालय पशुपालन एवं पशु विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान, शिक्षा

और विस्तार गतिविधियों के माध्यम से किसानों एवं पशुपालकों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर

कार्य कर रहा है।

एचएयू के कुलपति डॉ. बीआर कम्बोज ने कहा कि कृषि एवं पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था

की दो महत्वपूर्ण आधारशिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों में आधुनिक वैज्ञानिक

तकनीकों के समन्वित उपयोग से किसानों की आय में वृद्धि तथा ग्रामीण विकास को नई गति

दी जा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story