हिसार की ज्योति का स्कूल नेशनल गेम्स के लिए चयन
29 नवंबर तक मध्य प्रदेश के सागर में होगी राष्ट्रीय चैंपियनशिप
हिसार, 25 नवंबर (हि.स.)। शहर के विद्युत नगर बैडमिंटन हॉल में प्रशिक्षण ले
रही खिलाड़ी ज्योति ने अपनी प्रतिभा के दम पर एक और उपलब्धि हासिल की है। ज्योति का
चयन स्कूल नेशनल गेम्स बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए हुआ है। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता
29 नवंबर तक मध्य प्रदेश के सागर में आयोजित की जाएगी, जिसमें ज्योति हरियाणा की ओर
से चुनौती पेश करेगी।
ज्योति की इस उपलब्धि पर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. कमल शर्मा
ने बुधवार काे उसे बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि
ज्योति का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन पूरे हिसार जिले के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से खिलाड़ियों को उपलब्ध करवाई जा
रही सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि विद्युत नगर बैडमिंटन हॉल में विश्वस्तरीय
सुविधाएं, प्रशिक्षकों की मेहनत और खिलाड़ियों की लगन से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने
का अवसर मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ज्योति राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी
शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल करेगी।
उन्होंने कहा कि निगम की ओर से खिलाड़ियों
को प्रशिक्षण के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध करवाया जा रहा है, जिससे उनका प्रदर्शन लगातार
निखर रहा है। बैडमिंटन नर्सरी के अन्य खिलाड़ियों ने भी स्कूल गेम्स में अपनी प्रतिभा
का प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए हैं। इनमें युग दहिया, शौर्य प्रताप सिंह, आराध्या,
दित्या, अनिका, भाविका, कार्तिक, अर्णव बिश्नोई, सिद्धार्थ और प्रतीक सहित अन्य खिलाड़ी
शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धियों से दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम
और हरियाणा का नाम रोशन किया है। नर्सरी के खिलाड़ियों से भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन
की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

