हिसार का गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय बढ़ाएगा दक्षिण सूडान के शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहयोग

WhatsApp Channel Join Now
हिसार का गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय बढ़ाएगा दक्षिण सूडान के शैक्षणिक संस्थानों के साथ सहयोग


संयुक्त शोध, विद्यार्थी-शिक्षक आदान-प्रदान और तकनीकी सहयोग पर हुई चर्चा

दक्षिण सूडान की राजदूत ने विश्वविद्यालय आने का दिया निमंत्रण

हिसार, 17 नवंबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय

(गुजविप्रौवि), हिसार ने अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग के विस्तार की दिशा में पहल

करते हुए दक्षिण सूडान के शैक्षणिक संस्थानों के साथ संबंध मजबूत करने की कवायद शुरू

की है। इसी कड़ी में विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय मामलों के अधिष्ठाता प्रो. ओमप्रकाश

सांगवान ने मंगलवार काे नई दिल्ली स्थित दक्षिण सूडान के दूतावास में भारत में दक्षिण सूडान की

राजदूत महामहिम सिटोना अब्दल्लाह उस्मान से मुलाकात की। बैठक में शिक्षा, संस्कृति

और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में दोनों देशों के शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग की

संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में शैक्षणिक आदान-प्रदान, संयुक्त शोध परियोजनाओं, विद्यार्थियों एवं

शिक्षकों के भ्रमण कार्यक्रमों, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा तकनीकी सहयोग को लेकर विचार-विमर्श

किया गया। प्रो. सांगवान ने राजदूत को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, आधुनिक

शोध कार्यों, अनुसंधान क्षमताओं और अंतरराष्ट्रीय विस्तार की योजनाओं से अवगत कराया।

दक्षिण सूडान की राजदूत ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए दोनों देशों

के शैक्षणिक संस्थानों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने में रुचि दिखाई।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा

कि इस तरह की अंतरराष्ट्रीय बैठकें विश्वविद्यालय को शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र

में वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार

ने भी इस पहल पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने बताया कि संवाद को आगे बढ़ाते हुए निकट भविष्य

में ठोस सहयोग समझौतों और संयुक्त शैक्षणिक कार्यक्रमों की दिशा में प्रभावी कदम उठाने

पर सहमति बनी है।

बैठक के दौरान राजदूत ने प्रो. ओमप्रकाश सांगवान को दक्षिण सूडान आने का औपचारिक

निमंत्रण दिया, ताकि वे वहां के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों का दौरा कर शिक्षा व्यवस्था

और शैक्षणिक गतिविधियों को समझ सकें। वहीं, राजदूत ने निकट भविष्य में स्वयं भी गुजविप्रौवि

परिसर का दौरा करने की इच्छा जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778500 Articles

Share this story