हिसार : आजाद नगर में सीवरेज व्यवस्था चरमराई, प्रशासन के द्वार पहुंचे परेशान क्षेत्रवासी

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : आजाद नगर में सीवरेज व्यवस्था चरमराई, प्रशासन के द्वार पहुंचे परेशान क्षेत्रवासी


क्षेत्र के पार्षद व अधिकारियों पर ध्यान न देने

का जड़ा आरोप

अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान किया तो मौके पर

पहुंचे जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी

हिसार, 03 अप्रैल (हि.स.)। आजाद नगर क्षेत्र

की बदहाल सड़कों और जल निकासी की समस्या का लंबे समय से समाधान न होने के रोषस्वरूप

लघु सचिवालय के बाहर धरना देकर नारेबाजी की। क्षेत्रवासी कई दिनों से अपनी समस्याओं

से अधिकारियों को अवगत करवा रहे थे लेकिन अधिकारियों के कानों पर जूं नहीं रेंगी। शुक्रवार

को जब क्षेत्रवासी एकत्रित होकर प्रशासन के द्वार प्रदर्शन करने पहुंचे तो जनस्वास्थ्य

विभाग के अधिकारी दौड़े और प्रदर्शनकारियों से बातचीत करके उन्हें मनाया।

किसान संघर्ष समिति, हरियाणा के बैनर तले आजाद

नगर क्षेत्र के निवासियों ने लघु सचिवालय के समक्ष पहुंचकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी

की। प्रदर्शनकारियों में महिलाओं की संख्या अधिक रही। काफी देर नारेबाजी के बाद भी

जब कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो एकत्रित लोगों ने लघु सचिवालय के बाहर डेरा

डालने का ऐलान कर दिया। लोगों का इतना कहना था कि विभागीय अधिकारियों के हाथ पैर फूल

गए और वे मौके पर दौड़े दौड़े आए। मौके पर पहुंचे एसडीओ संजय ने क्षेत्रवासियों से

बातचीत करते हुए उन्हें मनाने का प्रयास किया लेकिन उनका कहना था कि वे लंबे समय से

समस्याओं से जूझ रहे हैं, इतने दिन अधिकारी कहां थे। लोगों का रौद्र रूप देखकर जनस्वास्थ्य

विभाग के अधिकारी सफाई देते नजर आए।

इस दौरान पगड़ी संभाल जट्टा हिसार की सदस्य किरण

शर्मा ने बताया कि गलियों में करीब 6 महीने से पानी भरा हुआ है, पार्षद गुलाब ध्यान

नहीं दे रहा। यहां तक कि मंत्री रणबीर गंगवा हमें देखकर घर की खिड़कियां बंद कर लेते

हैं, उनके कर्मचारी बोलते हैं कि मंत्री यहां पर नहीं हैं।हम पब्लिक हेल्थ में भी एक-दो

बार गए हैं मगर हमारी समस्या का समाधान नहीं हुआ। आजाद नगर कम्यूनिटी सेंटर में रहने

वाली कृष्णा देवी ने बताया कि गली में पानी भरा है। स्कूल में बच्चों को छोड़ने जाते

वक्त वह गिर गईं, इसके कारण उनके हाथ में फ्रैक्चर आ गया है।

अमर एन्क्लेव और आजाद नगर की गली नंबर 23,

24, 25, 26 और मकान नंबर 4 से लेकर 119 तक की सड़कें लंबे समय से टूटी हुई हैं। सड़कों

पर गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिनमें बारिश के दिनों में पानी भर जाता है। वर्तमान में

जल निकासी न होने के कारण सामान्य दिनों में भी सड़कों पर गंदा पानी जमा रहता है।

लोगों ने बताया कि रुके हुए पानी की वजह से क्षेत्र

में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने

का डर बना हुआ है। गंदा पानी जमा होने के कारण वाहन चालकों और पैदल चलने वालों, विशेषकर

बच्चों और बुजुर्गों को आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है। कई बार बच्चे इन गड्ढों

के कारण चोटिल भी हो चुके हैं।

इस अववसर पर उपायुक्त के नाम मांग पत्र सौंपने

वालों में किरण शर्मा, सुमित्रा, उमा, शर्मीला, विद्या, संतोष, विमला और अन्य स्थानीय

निवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से इन समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन

की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। मोहल्ले के लोगों ने स्पष्ट किया है

कि यदि मुख्य सड़क और जल निकासी का प्रबंध जल्द नहीं किया गया, तो वे आगामी दिनों में

बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

फोटो : आजाद क्षेत्र की गलियों में खड़ा सीवरेज

का पानी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story