हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के लिए अधिसूचना जारी
चंडीगढ़, 26 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा में राज्य सभा की दो सीटों के लिए गुरुवार को अधिसूचना जारी हो गई है। केंद्रीय चुनाव आयोग ने हरियाणा के सीनियर आइएएस अधिकारी पकंज अग्रवाल को राज्यसभा चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया है, जबकि विधानसभा में डिप्टी सेक्रेटरी गौरव गोयल को सहायक रिटर्निंग अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा के राज्यसभा सदस्यों किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल पूरा होने पर यह दोनों सीटें खाली हो रही हैं। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में विधायकों की संख्या के आधार पर एक सीट भाजपा और एक सीट कांग्रेस के खाते में जानी तय है।
किरण चौधरी और रामचंद्र जांगड़ा का कार्यकाल नौ अप्रैल को पूरा हो रहा है।
पिछले दो चुनाव से आईएएस अधिकारी को राज्यसभा चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। राज्यसभा के चुनाव में पेन की स्याही बदलने के कांड के बाद से विधानसभा सचिवालय के किसी अधिकारी को रिटर्निंग अधिकारी नहीं लगाया गया है। उस समय कांग्रेस व इनेलो समर्थित आरके आनंद चुनाव हार गए थे और भाजपा समर्थित सुभाष चंद्रा चुनाव जीत गये थे।
रिटर्निंग अधिकारी पंकज अग्रवाल कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में प्रधान सचिव हैं। उन्होंने बताया कि राज्यसभा की दोनों सीटों के लिए नामांकन पांच मार्च तक जमा किए जा सकते हैं। नामांकनों की स्क्रूटनी छह मार्च को होगी। आवेदक नौ मार्च तक अपने आवेदन वापस ले सकते हैं। यदि आवश्यक हुआ तो 16 मार्च को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक हरियाणा विधानसभा सचिवालय के कमेटी रूप में मतदान कराया जाएगा। आवेदन दस्तावेज कार्य दिवसों में हरियाणा विधानसभा सचिवालय में एआरओ गौरव गोयल को सौंपे जा सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

