हरियाणा में एसआईआर को लेकर कांग्रेस एक्टिव मोड में, बूथ स्तर तक होगी निगरानी

WhatsApp Channel Join Now

-एसआईआर निगरानी को लेकर गठित कमेटी की आयोजित हुई बैठक

चंडीगढ़, 10 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस एक्टिव मोड में आ गई है। कांग्रेस की ओर से बूथ स्तर तक निगरानी रखी जाएगी। शुक्रवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई राज्य स्तरीय कमेटी की बैठक में एसआईआर पर निगरानी को लेकर रणनीति तैयार की गई।

समिति की बैठक में रणनीति तैयार की गई कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम न कटे और न ही अपात्र को शामिल किया जाए। बूथ स्तर तक निगरानी मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने और हर विधानसभा में मतदाता सूची का सही तरीके से मिलान हो, इसको लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेवारियां सौंपी जाएंगी।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक बीबी बत्रा और अधिवक्ता रणधीर सिंह राणा की मौजूदगी में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान आने वाली संभावित चुनौतियों का आकलन करने के साथ समाधान पर चर्चा हुई।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि बैठक में इस बात पर विशेष रूप से जोर दिया गया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे और न ही किसी अपात्र व्यक्ति को जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे एसआईआर प्रक्रिया की बारीकियों को समझकर अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा सकें। कांग्रेस ने इस प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए पहले ही बूथ लेवल एजेंट-1 (बीएलए-1) की नियुक्ति कर दी है, जबकि अधिकांश बूथों पर बीएलए-2 भी तैनात किए जा चुके हैं।

राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि देश के कुछ राज्यों में सत्तारूढ़ दल भाजपा के प्रभाव में मतदाता सूचियों में गड़बड़ियों के प्रयास किए गए हैं, लेकिन हरियाणा में ऐसे किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि पार्टी एसआईआर प्रक्रिया के दौरान पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेगी, ताकि मतदाता सूची की शुचिता बनी रहे और लोकतंत्र की मजबूती सुनिश्चित हो सके।

---

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story